अमृतसर: पंजाब पुलिस ने सीमा पार से होने वाली अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की है। अमृतसर जिला शहरी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है और इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों के पास से भारी मात्रा में अवैध असला बरामद किया है, जिसमें 11 अत्याधुनिक पिस्तौल और आठ जिंदा कारतूस शामिल हैं।
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ये हथियार पंजाब और आसपास के इलाकों में बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के लिए मंगाए गए थे। प्रारंभिक पुलिस जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी विदेश में बैठे कुछ बड़े आकाओं और हथियार सप्लायरों के सीधे संपर्क में थे, जो वहां से इस पूरे अवैध सिंडिकेट को ऑपरेट कर रहे हैं। इन हथियारों को स्थानीय गैंगस्टरों और आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने की योजना थी।
री इस बड़ी कार्रवाई के बाद अमृतसर के थाना एयरपोर्ट, थाना सदर और थाना छेहरटा में आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क के पूरे दायरे का पता लगाया जा सके। पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि सीमा पार तस्करी, अवैध हथियारों की आमद और संगठित अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
