झज्जर – हरियाणा के झज्जर जिले के कोयलपुर गांव में मर्चेंट नेवी के एक युवा कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। 21 वर्षीय विवेक का शव गांव के पास खेतों में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
परिजनों के अनुसार विवेक सुबह रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकला था, लेकिन काफी समय तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसका शव खेतों में पड़ा मिला। शव का रंग नीला पड़ चुका था, जिसके चलते मौत के कारणों को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि विवेक मर्चेंट नेवी में कार्यरत था और करीब दो वर्ष पहले उसने नौकरी जॉइन की थी। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ था और इलाज के लिए छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। एक सप्ताह बाद उसे दोबारा ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है और मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
